स्कूलों में नवाचार बढ़ाने, नामांकन मजबूत करने और परीक्षा परिणाम सुधारने पर दिया जोर

मैहर :नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने जिले के हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों को बोर्ड परीक्षा परिणामों में सुधार लाने के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्राचार्यों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि खराब परिणाम देने वाले विद्यालयों के प्राचार्यों पर कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी.

कलेक्टर ने कहा कि गत वर्ष के परीक्षा परिणामों का विश्लेषण कर कमियों को चिन्हित किया जाए और उन्हें दूर करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं. उन्होंने स्कूलों में नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि ऐसा वातावरण बनाया जाए जिससे विद्यार्थियों की स्कूल आने और पढ़ाई में रुचि बढ़े. उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में उल्लेखनीय सुधार लाने वाले प्राचार्यों को सम्मानित किया जाएगा.

समीक्षा बैठक में मैहर, अमरपाटन और रामनगर विकासखंड के विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परिणामों की समीक्षा की गई. जिला शिक्षा अधिकारी गिरीश अग्निहोत्री ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा पहली बार मैहर जिले को अलग इकाई के रूप में शामिल किया गया है. वर्ष 2026 में जिले का हाईस्कूल परीक्षा परिणाम 62.13 प्रतिशत तथा हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम 68.75 प्रतिशत रहा है. वहीं प्रदेश की मेरिट सूची में हाईस्कूल के चार और हायर सेकेंडरी के दो विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त किया .

कलेक्टर ने प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि विद्यालयों में प्री-बोर्ड परीक्षाएं गंभीरता के साथ आयोजित की जाएं और उनके आधार पर मुख्य परीक्षा की तैयारी सुनिश्चित की जाए. बैठक में बताया गया कि जिले को प्राप्त सभी 2 लाख 41 हजार 42 पाठ्यपुस्तकों का वितरण विद्यार्थियों को किया जा चुका है.

जिला शिक्षा केंद्र की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि विद्यार्थियों के नामांकन के मामले में मैहर जिला प्रदेश के टॉप-10 जिलों में शामिल है. जिले में 28 हजार 741 बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्रों के निकट को-लोकेट किया गया है.
साथ ही 18 नवीन बालिका शौचालयों का निर्माण भी पूर्ण कर लिया गया है.

बैठक में कलेक्टर ने स्कूल सुरक्षा को लेकर भी सख्त निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जर्जर भवनों में किसी भी स्थिति में कक्षाएं संचालित न की जाएं. यदि ऐसी स्थिति में कोई घटना होती है तो संबंधित प्राचार्य की जिम्मेदारी तय की जाएगी.

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी गिरीश अग्निहोत्री, जिला परियोजना समन्वयक विष्णु त्रिपाठी सहित जिले के हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे.

Next Post

सूने घर में घुसे चोर, 15 लाख के जेवर पार

Fri Jun 12 , 2026
सतना: सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत अमौधा में एफसीआई (FCI) गोदाम के पास बुधवार देर रात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। यहाँ एक ऑटोमोबाइल कंपनी के मैनेजर के सूने घर को निशाना बनाकर चोरों ने करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी साफ कर […]

You May Like