
जबलपुर। गोरखपुर थाना अंतर्गत आईजी कार्यालय की महिला सुरक्षा शाखा में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक को बदमाशों ने रास्ते में रोककर न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हाउबाग स्टेशन दुर्गा कन्याशाला स्कूल के पास के रहने वाले 47 वर्षीय सविनय लोधी जबलपुर आईजी कार्यालय की महिला सुरक्षा शाखा में प्रधान आरक्षकके पद पर तैनात हैं। रात करीब 8 बजे वे अपने घर से कार्यालय की ड्यूटी पर जाने के लिए निकले थे। आरक्षक सविनय लोधी जैसे ही हाउबाग साईं मंदिर के पास पहुंचे, वहां मुन्ना पंडित के मकान में किराए से रहने वाले घंटी नाम के युवक ने अपने दो अन्य साथियों के साथ उनका रास्ता रोक लिया। पुलिसकर्मी ने जब अपनी बाइक साइड में खड़ी कर रास्ता रोकने का कारण पूछा, तो घंटी उनसे विवाद करने लगा। प्रधान आरक्षक ने जब उन्हें समझाने और बहस न करने की बात कही, तो तीनों आरोपी भडक़ गए। बदमाशों ने आरक्षक को लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। अचानक हमले में प्रधान आरक्षक सविनय लोधी के चेहरे, मुंह, पीठ और दाहिने पैर की जांघ पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के दौरान आरोपियों ने चीखते हुए जान से खत्म करने की धमकी भी दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीडि़त प्रधान आरक्षक ने तत्काल गोरखपुर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
