इंदौर:ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए निवेश पर मुनाफा दिलाने का लालच देकर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से लाखों रुपये ऐंठ लिए. राजेंद्र नगर क्षेत्र में स्टॉक मार्केट में विनियोग कर लाभ दिलाने के नाम पर 2 लाख 39 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है.राजेंद्र नगर थाना नीरज बिरथरे ने बताया कि फरियादी संदीप जाधव, उम्र 44 वर्ष, निवासी 722 दत्त नगर ने शिकायत दर्ज कराई है.
फरियादी ने बताया कि उसे एक ऑनलाइन ग्रुप से जोड़ा गया, जिसके ग्रुप एडमिन ने अपना नाम जया सिंह बताते हुए मोबाइल नंबर से संपर्क किया. बातचीत के दौरान स्टॉक मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाया. आरोपियों के कहने पर फरियादी ने बताए गए बैंक खातों और यूपीआई आईडी पर अलग अलग तारीखों में 2 लाख 39 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए.
बाद में जब उसने लाभ या अपनी रकम वापस लेने का प्रयास किया तो कोई भुगतान नहीं हुआ और संपर्क बंद हो गया. ठगी का अहसास होने पर फरियादी ने पुलिस में शिकायत की. पुलिस ने मामले में ग्रुप एडमिन, संबंधित बैंक खाता धारकों और यूपीआई आईडी धारकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबर, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है.
