
छिंदवाड़ा. नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी टीम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया तथा लोगों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए समझाइश दी गई। कार्रवाई के दौरान नागपुर रोड स्थित चित्रकूट कॉम्प्लेक्स में श्रीमती शीतल भटेले द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर किए गए अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई। नगर निगम टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण के प्रथम तल पर बनाए गए कॉलम हटवाए। निर्मित क्षेत्र के सामने हाईटेंशन विद्युत लाइन होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से श्रीमती भटेले को शेष अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए निर्धारित समय दिया गया। इसी क्रम में सत्कार चौराहे पर सड़क पर लगाए गए अतिक्रमण को हटाते हुए अवैध फ्लैक्स स्टैंड जप्त किए गए। वहीं छोटे तालाब के सामने फुटकर हाथ ठेला संचालकों को सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की समझाइश दी गई। सिवनी रोड ओवरब्रिज के नीचे फल एवं फ्रूट विक्रेताओं को सड़क से हटाकर व्यवस्थित स्थान पर लगाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे शासकीय भूमि एवं सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा शहर की स्वच्छ एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।
