
सीधी।मीनाक्षी नटराजन के राज्यसभा नामांकन निरस्तीकरण के विरोध, लोकतंत्र, संविधान और जनाधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ जिला कांग्रेस कमेटी सीधी द्वारा बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने स्थित वीथिका भवन में एक दिवसीय शांतिपूर्ण उपवास कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कांग्रेस के उपवास कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर आघात बताते हुए निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने की मांग की।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।उपवास कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने लोकतंत्र की रक्षा, संविधान के सम्मान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता बनाए रखने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि देश का संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार और न्याय की गारंटी देता है, इसलिए इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर किसी भी प्रकार का आघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर सीट चोरी कर रही है: ज्ञान
उपवास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि भाजपा अब केवल वोट चोरी तक सीमित नहीं रही, बल्कि लोकतंत्र की हत्या कर सीधे सीट चोरी करने पर उतर आई है।
उन्होंने कहा कि जब भाजपा को यह महसूस हुआ कि जनता का समर्थन प्राप्त किए बिना राजनीतिक सफलता हासिल करना कठिन है, तब उसने लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को प्रभावित करने का प्रयास शुरू कर दिया। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना इसी मानसिकता का परिणाम है।
