धोबी चौराहा क्षेत्र में ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, मासूम बच्ची बाल-बाल बची

शाजापुर। शाजापुर में सडक़ हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे. आए दिन कोई न कोई घटना हो रही है, जिसमें लोग काल के गाल में समा रहे हैं. सोमवार दोपहर करीब 12.30 बजे भी धोबी चौराहा क्षेत्र में एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी. इस हादसे में बाइक सवार विजय मंडलोई ट्रक के पहिए के नीचे आ गए, जिससे उनका पैर फ्रैक्चर हो गया. घटना के दौरान विजय के साथ छोटी बच्ची भी थी, जो सुरक्षित बताई जा रही है. हालांकि घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है.

गौरतलब है कि विजय मंडलोई अपनी नाती को एमजी कॉन्वेंट स्कूल से बेरछा रोड स्थित घर ले जा रहे थे. उन्होंने बताया कि ट्रक चालक ने रेलवे स्टेशन की तरफ अचानक वाहन मोड़ लिया. इससे उनका संतुलन बिगड़ गया और दुर्घटना हो गई. राहत की बात यह रही कि बच्ची को कोई चोट नहीं आई. घायल विजय को शाजापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यहां प्रारंभिक उपचार के बाद उनका इलाज जारी है. घटना की सूचना पर यातायात पुलिस और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक और बाइक को थाने में रखवा दिया है.

 

भारी वाहनों की आवाजाही पर नहीं हैं अंकुश

 

शहर में यूं तो भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है, लेकिन इसके बाद भी भारी वाहनों की आवाजाही पर अंकुश नहीं है. इसी कारण शहर में आए दिन दुर्घटना होती रहती है. स्थानीय रहवासी अंकुर जैन ने बताया कि धोबी चौराहा और रेलवे स्टेशन मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव रहता है. उन्होंने प्रशासन से यातायात व्यवस्था सुधारने और भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण की मांग की है.

Next Post

महिला द्वारा दो बच्चों को अगवा करने की खबर से मचा हड़कंप 

Mon Sep 15 , 2025
बुधनी।नगर में आज अज्ञात महिला द्वारा दो बच्चों के अगवा होने की खबर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गई. जानकारी पुलिस को मिली. निजी स्कूल प्रबंधन को अवगत कराया गया. सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए जिसमें एक महिला बाइक सवार युवक के साथ दोनों बच्चों को बाइक पर बैठाकर […]

You May Like