इंदौर: नोवेल्टी मार्केट क्षेत्र में दुकान का ताला तोड़कर नकदी चोरी करने वाले आरोपी को एमजी रोड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के कब्जे से चोरी गई 1 लाख 23 हजार 340 रुपए की नकदी बरामद की गई है.फरियादी ने शनिवार 7 जून को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी सुमित कलेक्शन नामक दुकान का ताला शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे से शनिवार की सुबह 11 बजे के बीच अज्ञात बदमाश ने तोड़कर नकदी चोरी कर ली. पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की.
डीसीपी जोन 3 और एडीसीपी के मार्गदर्शन में प्रभारी एमजी थाना प्रभारी विजय सिंह सिसोदिया ने बताया कि मामले में टीम गठित कर जांच शुरू की. जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फरियादी की दुकान के सामने स्थित दुकान का संचालक अंश चंदवानी इस वारदात में शामिल है. पुलिस ने संदेही अंश चंदवानी से पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया. आरोपी अंश चंदवानी उम्र 22 साल निवासी द्वारिकापुरी, इंदौर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गई पूरी नकदी जब्त कर ली गई है. आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
