मेडिकल कॉलेज में आने वाली एनएमसी टीम का दौरा टला

सतना:मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 50 अतिरिक्त सीटों की उम्मीद फिलहाल एनएमसी के निरीक्षण पर अटक गई है. निरीक्षण दल के संभावित दौरे को लेकर कॉलेज में तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, लेकिन टीम के नहीं पहुंचने से सीट वृद्धि की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है. ऐसे में कॉलेज प्रशासन की तैयारियों के बावजूद पूरा मामला टीम के दौरे और उसकी रिपोर्ट पर आकर टिक गया है

जानकारी के अनुसार शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सतना में वर्तमान में एमबीबीएस की 150 सीटें स्वीकृत हैं. कॉलेज प्रबंधन ने आगामी सत्र से 50 अतिरिक्त सीटें बढ़ाने के लिए प्रस्ताव भेजा था . प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर सीटों की संख्या बढ़कर 200 हो जाएगी.

सूत्रों के मुताबिक अतिरिक्त सीटों की मांग के साथ कॉलेज की ओर से आवश्यक दस्तावेज और जानकारी संबंधित स्तर पर भेजी जा चुकी थी . इसी क्रम में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की निरीक्षण टीम द्वारा कॉलेज का सत्यापन किया जाना था टीम को कॉलेज में उपलब्ध फैकल्टी, अस्पताल में मरीजों की संख्या, क्लिनिकल सुविधाएं, प्रयोगशालाएं, उपकरण, छात्रावास तथा अन्य अधोसंरचनात्मक व्यवस्थाओं का आकलन करना था .

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले मेडिकल कॉलेज में एनएमसी टीम के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई थीं. कॉलेज प्रशासन ने विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की थी, लेकिन निर्धारित समय में टीम का दौरा नहीं हो सका. हालांकि कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि निरीक्षण प्रक्रिया समाप्त नहीं हुई है और आने वाले दिनों में टीम किसी भी समय कॉलेज पहुंच सकती है.
निरीक्षण में सभी मानक संतोषजनक पाए जाने पर अतिरिक्त सीटों के प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है. ऐसे में मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों की निगाहें भी अब एनएमसी टीम के संभावित दौरे पर टिकी हुई हैं.

इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के प्रचार प्रसारक डॉ. अमरेश मिश्रा ने बताया कि एनएमसी टीम के आने की संभावना थी, लेकिन फिलहाल टीम नहीं पहुंची है. उन्होंने कहा कि निरीक्षण की प्रक्रिया जारी है और एनएमसी की टीम आने वाले दिनों में कभी भी औचक निरीक्षण के लिए पहुंच सकती है .

फिलहाल 50 अतिरिक्त सीटों का भविष्य निरीक्षण और उसके बाद आने वाली रिपोर्ट पर निर्भर है. टीम के दौरे के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आगामी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज में सीटों की संख्या 150 से बढ़कर 200 होगी या नहीं.

Next Post

भव्य दीक्षांत परेड के बाद 983 नव आरक्षक मध्यप्रदेश पुलिस में शामिल

Wed Jun 10 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस को मंगलवार को 983 नव प्रशिक्षित आरक्षकों के रूप में बड़ी मजबूती मिली। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी), इंदौर में लगभग एक वर्ष के कठोर एवं अनुशासित प्रशिक्षण के बाद 78वें बैच के आरक्षक भव्य दीक्षांत परेड के साथ औपचारिक रूप से पुलिस बल की मुख्यधारा में शामिल […]

You May Like