लखनऊ, 09 जून (वार्ता) पंचकूला के 24 वर्षीय अभिषेक कुमार ने त्रुटिरहित पांच-अंडर 65 का कार्ड खेलकर लखनऊ गोल्फ क्लब में खेले जा रहे 25 लाख रुपये इनामी राशि वाले डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन विजय कुमार मेमोरियल के पहले दौर के बाद दो शॉट की बढ़त हासिल कर ली।
शॉटगन प्रारूप में पांचवें होल से शुरुआत करने वाले अभिषेक ने बिना कोई बोगी किए पांच बर्डी लगाईं और एकल बढ़त हासिल की। पंचकूला के इस गोल्फर ने फरवरी में फरीदाबाद में आयोजित सत्र के पहले डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन टूर्नामेंट में जीत दर्ज की थी और फिलहाल नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट में चौथे स्थान पर हैं। अभिषेक की नजर नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष स्थान हासिल करने पर भी है, क्योंकि इससे उन्हें 2027 सीजन के लिए मुख्य टूर (डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई) में खेलने की छूट मिलेगी।
दिल्ली के 41 वर्षीय पवन कुमार और स्थानीय पेशेवर ऋषि कुमार तीन-अंडर 67 के स्कोर के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर रहे। दोनों अभिषेक से दो शॉट पीछे हैं। तीसरे होल से शुरुआत करने वाले पवन कुमार ने अपने दौर में छह बर्डी और तीन बोगी दर्ज किए। मुख्य टूर पर उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2017 के जयपुर ओपन में छठा स्थान रहा है।
फरीदाबाद के सचिन चौहान, दिल्ली के अजय बैसोया, लखनऊ के राजेश कुमार गौतम और कोलकाता के तुतुल अली दो-अंडर 68 के स्कोर के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर रहे।
