नारेडको सम्मेलन दिल्ली में 19-20 को, मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे संबोधन

नयी दिल्ली, 09 जून (वार्ता) अचल-सम्पत्ति क्षेत्र के विकास पर राजधानी में 19-20 जून को राजधानी में आयोजित किये जा रहे नारेडको रियल एस्टेट कॉन्क्लेव में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव श्रीनिवास काटिकिथला विशिष्ट अतिथि होंगे।

आयोजकों की ओर से मंगलवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार नेशनल रियल एस्टेट डेवलपमेंट काउंसिल (नारेडको) द्वारा यशोभूमि में इस सम्मेलन के दौरान नारेडकों के युवा पीढ़ी के सदस्यों का ‘ नारेडको नेक्स्टजेन एनसीआर कॉन्क्लेव’ तथा संगठन की महिला सदस्यों का ‘ 5वां नारेडको माही’ सम्मेलन भी होगा।

भारत बिल्डकॉन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 19 जून के लिए परामर्श कंपनी केपीएमजी और 20 जून के लिए जेएलएल विशेषज्ञ के रूप में सहभागिता करेंगे। विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह आयोजन नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के अग्रणी प्रतिनिधियों, निवेशकों, शहरी योजनाकारों, प्रौद्योगिकी नवप्रवर्तकों, वित्तीय संस्थानों तथा नई पीढ़ी के उद्यमियों को एक साझा मंच पर लाएगा। इसमें रियल एस्टेट क्षेत्र के भविष्य तथा विकसित भारत-2047 के निर्माण में इसकी भूमिका पर सार्थक संवाद का प्रमुख मंच बनेगा।

सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव डी. थारा, संयुक्त सचिव रूपा मिश्रा, ग्रामीण विकास मंत्रालय के भूमि संसाधन विभाग के संयुक्त सचिव नितिन खाडे, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव कुलदीप नारायण तथा ईशा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।

नारेडको के चेयरमैन डॉ. निरंजन हीरानंदानी ने एक बयान में कहा , “भारत का रियल एस्टेट क्षेत्र एक निर्णायक दौर में प्रवेश कर रहा है, जहां बुनियादी ढांचा, प्रौद्योगिकी और सतत विकास विकास की गति और गुणवत्ता को निर्धारित करेंगे। यह सम्मेलन सरकार, उद्योग और नवाचारकर्ताओं के बीच सहयोग को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है ताकि विकसित भारत 2047 की आकांक्षाओं के अनुरूप एक अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी रियल एस्टेट पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण किया जा सके।”

नारेडको के अध्यक्ष परवीन जैन ने कहा , ” सार्थक संवाद और सहयोगात्मक प्रयासों के माध्यम से हम निवेश, आवास विकास और शहरी परिवर्तन के नए अवसरों को खोल सकते हैं, साथ ही दीर्घकालिक स्थिरता और उपभोक्ता विश्वास को भी सुनिश्चित कर सकते हैं।” नारेडको माही की अध्यक्ष स्मिता पाटिल ने कहा , “महिलाएं नेतृत्व, उद्यमिता और नवाचार के माध्यम से रियल एस्टेट क्षेत्र के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।”

 

 

Next Post

ढोली बुआ मठ से शुरू हुआ जनसंपर्क अभियान

Tue Jun 9 , 2026
ग्वालियर। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चल रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत मंगलवार को ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान की शुरुआत दक्षिण विधानसभा क्षेत्र स्थित ढोली बुआ पुल के पास श्री महराज मठ से हुई, जहां […]

You May Like