
शाजापुर। जिले के बेरछा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आक्या चौहानी में शुक्रवार रात ट्रेन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई. इस घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंच गए. मृतक की पहचान अनिल के रूप में हुई है, जो ग्राम आक्या चौहानी का निवासी था. वह वर्तमान में उज्जैन में रहकर काम करता था और मकर संक्रांति के पर्व के अवसर पर अपने गांव आया था. बीती रात वह किसी कारणवश रेलवे ट्रैक के आसपास घूम रहा था. इसी दौरान अचानक ट्रेन सामने आ गई. अनिल खुद को संभाल नहीं सका और उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही बेरछा पुलिस को अवगत कराया गया.पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जिला अस्पताल भिजवाया. रात होने के कारण शव को पोस्टमॉर्टम रूम में सुरक्षित रखा गया. शनिवार सुबह करीब 11 बजे बेरछा थाने की कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया.
