जयपुर, 02 मई (वार्ता) राजस्थान रॉयल्स (आर) के कप्तान रियान पराग ने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन बनाने और साथ ही फिनिशर्स के लिए आधार तैयार करने के लिए रवींद्र जडेजा को डोनोवन फरेरा से ऊपर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। शुक्रवार रात खेले गये इस मुकाबले में रवींद्र जडेजा को डोनोवन फरेरा से पहले बल्लेबाजी के लिए भेजने जाने के सवाल पर पराग ने कहा, “असल में लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन भी एक वजह थी। करीब आठ-नौ ओवर बचे थे और हम फरेरा की एंट्री थोड़ी देर से कराना चाहते थे। हम स्पिनर्स के खिलाफ लगभग आठ-नौ रन प्रति ओवर लेते रहना चाहते थे, फिर जैसे ही तेज गेंदबाज, गेंदबाज करने आते, पहली गेंद से हमला करना चाहते थे। हमारी यही योजना थी।”
जब 12वें ओवर में ध्रुव जुरेल आउट हुए,आरआर का स्कोर तीन विकेट पर 114 रन था। जाडेजा ने 14 गेंदों में 20 रन की पारी खेली और पराग के साथ 53 रन की साझेदारी बनाई। इसके बाद फरेरा की 14 गेंदों में 47 रन की तेज पारी ने आखिरी पांच ओवरों में टीम को 78 रन जोड़ने में मदद की और आआर का स्कोर 225 रन पहंच गया।
अन्य सवाल पर पराग ने कहा, “मुझे लगता है कि यह अच्छा स्कोर था। सच कहूं तो मुझे लगा 200 के आसपास पार स्कोर था। विकेट थोड़ा धीमा होने वाला था, लेकिन मुझे लगता है कि हम बीच के ओवरों में कहीं बेहतर गेंदबाजी कर सकते थे। हमने उन्हें कुछ ज्यादा ही खुलकर खेलने दिया और फिर एक ही ओवर में बहुत सारी बाउंड्रीज दीं और ऐसा बार-बार हुआ। मुझे लगता है हमने वहीं गलती की, लेकिन टॉस पर लिए गए फैसले में कोई दिक्कत नहीं थी।”
अपनी हैमस्ट्रिंग की चोट पर पराग ने कहा, “उम्मीद है कि यह अधिक गंभीर नहीं है, लेकिन हैमस्ट्रिंग में थोड़ी दिक्कत है। शुक्र है कि अब लगभग एक हफ़्ते का ब्रेक है, तो उम्मीद है मैं रिकवर कर लूंगा।”
