
भोपाल। एमपी नगर स्थित श्री विद्योदय तीर्थ में परम पूज्य आचार्य श्री 108 समयसागर महाराज ससंघ के सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा महा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु तीर्थ पहुंचे और पूरा परिसर गुरुभक्ति के वातावरण से गूंज उठा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रतिभास्थली की करीब 1500 छात्राओं द्वारा आचार्य श्री की भव्य पूजन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति रही, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
मंगल प्रवचन में आचार्य समयसागर महाराज ने कहा कि गुरु आराधना श्रद्धा और निर्मल भाव से ही संभव है। उन्होंने कहा कि मन का सदुपयोग आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है, जबकि मोह और अहंकार व्यक्ति के पतन का कारण बनते हैं। उन्होंने सम्मान की लालसा को भी लोभ का स्वरूप बताते हुए दूसरों के छोटे-से-छोटे गुण का भी आदर करने की प्रेरणा दी। आचार्य श्री ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि गुरु स्मरण और गुरु आराधना का अखंड भाव है। महोत्सव में भोपाल सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
