जनसुनवाई में पहुंचा जमीन घोटाला, मामला दुधमनिया तहसील क्षेत्र के कतरिहार पंचायत का, पूर्व सरपंच आरोप में घिरा 

सिंगरौली । दुधमनिया तहसील क्षेत्र के ग्राम कतरिहार के दर्जनों ग्रामीण आज मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जनसुनवाई में शामिल हुए और पूर्व सरपंच रामनरेश गुर्जर सहित उनके परिजनों पर शासकीय भूमि पर फर्जी तरीके से पट्टा करवाने, कब्जा जमाने तथा विरोध करने पर धमकी देने के गंभीर आरोप लगाया।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने तथा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की। ग्रामीणों द्वारा दिए गए शिकायत पत्र के अनुसार पूर्व सरपंच रामनरेश गुर्जर ने अपने परिवार के कई सदस्यों के नाम पर लगभग 250 एकड़ से अधिक शासकीय भूमि का कथित रूप से फर्जी पट्टा करवा लिया था। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उक्त भूमि पर गांव के विभिन्न समाजों के लोग कई पीढ़ि़यों से खेती-किसानी और उपयोग करते आ रहे हैं। इनमें बैगा, गोंड़, अगरिया, गुर्जर, जायसवाल, नाई सहित अन्य वर्गों के परिवार शामिल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पिछले लगभग दस महीनों से प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार आवेदन दिए जा रहे हैं। कलेक्टर के निर्देश पर मामले की जांच एसडीएम एवं तहसील दुधमनिया द्वारा कराई गई थी। जांच के बाद कथित फर्जी पट्टों को निरस्त किए जाने का आदेश भी जारी हुआ, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि राजस्व रिकॉर्ड में अब भी संबंधित लोगों के नाम दर्ज हैं, जिससे विवाद की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की कि जिन खसरा नंबरों में कथित रूप से गलत तरीके से नाम दर्ज किए गए हैं, उन्हें तत्काल हटाया जाए।

आदिवासियों का आरोप, दबंग दे रहे धमकियां

शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि रामनरेश गुर्जर, उनके भाई कमलेश गुर्जर, पुत्र अवधेश गुर्जर तथा अन्य परिजन जमीन पर अपना दावा जताते हुए ग्रामीणों को लगातार धमका रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें खेतों में बोई गई फसल को जबरन काट लेने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इससे गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन को बताया कि मामले की शिकायत थाना और एसपी कार्यालय में भी कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद मोरवा पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की है, जिससे आरोपियों के हौसले बढ़े हुए हैं। बीट प्रभारी का संरक्षण है।

Next Post

बॉयलर एवं सड़क हादसे में दो की मौत

Tue Jun 9 , 2026
सिंगरौली । बंधौरा क्षेत्र में स्थापित एक पावर कंपनी में आज बॉयलर में फंसने से एक संविदाकर्मी एवं सितुलखुर्द में आधी रात को बेकाबू टेलर वाहन के टक्कर से 35 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। उक्त दोनों हादसे के बाद कंपनी परिसर में सैकड़ों श्रमिक भड़क गये। वहीं […]

You May Like