
सिंगरौली। नपानि आयुक्त सविता प्रधान ने बुधवार को शहर के विकास और जनसुविधाओं को लेकर पत्रकारों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि शहर की वास्तविक समस्याओं व जरूरतों को समझने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकारों के सुझाव ननि के लिए मार्गदर्शक साबित होंगे और विकास कार्यों को बेहतर दिशा देंगे।
संवाद के दौरान आयुक्त ने कहा कि आप शहर को मुझसे भी बेहतर जानते हैं। आपके सुझाव हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। शहर के विकास और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए मीडिया के रचनात्मक सहयोग का हमेशा स्वागत रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े सुझावों पर गंभीरता से विचार कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पत्रकारों ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, यातायात प्रबंधन, सड़कों की स्थिति,अतिक्रमण, नालियों की सफाई तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। साथ ही ननि की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए। आयुक्त ने सभी सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना और कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और जनभागीदारी के माध्यम से शहर के विकास को नई गति दी जाएगी। ननि आयुक्त को क्षेत्र में संचालित कोचिंग सेंटर, बिना वैध परमिशन निर्मित होटल व नालियों पर अवैध कब्जे आदि पर समस्या पर ध्यान आकृष्ट कराते हुए अन्य कई बिन्दुओ पर सुझाव दिया। आयुक्त ने प्राप्त सुझावों को गंभीरता से सुना और बकायदे रजिस्टर में नोट करवाकर निराकरण का आश्वासन दिया। इस दौरान उपायुक्त आरपी बैस मौजूद रहे।
