
जबलपुर। गलगला मुकादमगंज रोड पर स्थित प्लास्टिक की तीन मंजिला दुकान में तड़के करीब 3 बजे अचानक आग भड़क उठी जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग लगने की खबर मिलते ही मुकादमगंज के व्यापारियों का समूह मौके पर पहुंचा और तत्काल फायर अमले को आग लगने की सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के 7 वाहनों के द्वारा 25 ट्रिप पानी से भीषण आग को बुझाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने नवभारत को बताया कि नगर निगम के फायर ब्रिगेड के अमले द्वारा प्लास्टिक की तीन मंजिला दुकान में भड़की आग को रात 3 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक बुझा लिया गया था। समय पर अगर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो मुकादमगंज स्थित कई दुकानें और पटाखा दुकानें इसकी चपेट में आ जाती और फिर शहर में बहुत बड़ा अग्निकांड भी घटित हो जाता। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट तो नहीं हो पाई है लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि दुकान में शॉट सर्किट हुआ होगा और फिर आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
दुकान के ऊपरी हिस्से में था गोदाम
जानकारी के अनुसार हितेश टहलानी की प्लास्टिक की दुकान में रखा लाखों रुपयों का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। इस तीन मंजिला दुकान के निचले हिस्से में दुकान संचालित होती थी और ऊपर मंजिल पर गोदाम बनाकर दुकान संचालक ने रखा था। हर साल की तरह इस वर्ष की दीवाली में साज-सज्जा का सामान वह लाकर अपनी दुकान व गोदाम में रखा हुआ था कि इस अग्रिकांड ने पूरा सामान जलाकर खाक कर दिया।
प्लास्टिक में अंदर ही अंदर सुलगती है आग
बताया जा रहा है कि प्लास्टिक की दुकान में आग भड़की थी और यह प्लास्टिक में लगी आग अंदर ही अंदर धीरे धीरे सुलगती रहती है इसलिए नगर निगम के फायर अमले ने शनिवार दोपहर करीब 12 बजे तक कूलिंग का काम भी जारी रखा जिससे कहीं आग फिर से न भड़क जाए।
बारूद के ढेर पर बैठा है मुकादमगंज इलाका
महत्वपूर्ण बात यह है कि यह मुकादमगंज का इलाका एक तरह से बारुद की ढेर पर बैठा हुआ है। दीपावली में इस्तेमाल होने वाले पटाखों से लेकर तमाम थोक कारोबार की दुकान और गोदाम यहीं पर संचालित हो रहे हैं। तंग गलियों के बीच बड़ी आबादी भी बसी हुई है। फायर ब्रिगेड के आने जाने के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं है। अनेक बार यहां के गोदाम हटाने की पहल प्रशासनिक स्तर पर हुई लेकिन न जाने किस दबाव में ठंडी हो जाती रही है। वो तो गनीमत रही कि प्लास्टिक की दुकान में भड़की आग अन्य किसी दूसरी दुकान तक नहीं पहुंची नहीं तो शहर में एक बड़े अग्रिकांड की घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था।
इनका कहना है-
—मुकादमगंज के पास प्लास्टिक की दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी जिसके बाद 7 फायर वाहनों के जरिए 25 ट्रिप पानी से आग पर काबू पा लिया गया था। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे तक प्लास्टिक में अंदर ही अंदर सुलग रही आग को भी पूरी तरह बुझा लिया गया।
–राजेंद्र पटैल, सहायक फायर अधीक्षक।
