संघीय ढांचे को नुकसान पहुंचा रही है भाजपा सरकार : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 02 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को तानाशाह करार देते हुए कहा है कि भाजपा देश के संघीय ढांचे को नुकसान पहुंचा रही है।

कांग्रेस विधि विभाग के वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन के आखिरी सत्र को संबोधित करते हुए पार्टी नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार के मुखिया तानाशाही कर रहे हैं और देश की संघीय व्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गैर भाजपा वाले राज्यों में मोदी सरकार राज्यपालों के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को तोड़ रही है और वहां मनमानी करवा रही है।

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास देश का इतिहास है और कांग्रेस की ताकत देश की ताकत है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार ने कांग्रेस पार्टी को एकजुट रखा है और कांग्रेस पार्टी ने देश को एकजुट रखा है।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस उन लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है जो अभी तक अपने सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक अधिकारों को सुरक्षित नहीं कर पाए हैं।

पुड्डुचेरी के पूर्व मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने कहा “मैं मोदी सरकार द्वारा अपनी सरकार के विरुद्ध उपराज्यपाल के इस्तेमाल का पहला शिकार था, जिसने मुझे एक निर्वाचित मुख्यमंत्री को प्राप्त शक्तियों के साथ काम करने से रोक दिया। संविधान में कहा गया है कि दैनिक प्रशासन निर्वाचित सरकार और मंत्रिपरिषद द्वारा चलाया जाना चाहिए। मंत्रिपरिषद के निर्णय बाध्यकारी होते हैं, और राज्यपाल या उपराज्यपाल के पास कोई स्वतंत्र शक्तियाँ नहीं होती हैं।”

कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिए उन पर हमला किया और कहा कि केंद्र सरकार में एक व्यक्ति की तानाशाही चल रही है और संघवाद को नुकसान पहुंचा रहे हैं। पार्टी महासचिव रणदीपसिंह सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार में राज्यपालों के दफ्तरों का दुरुपयोग हो रहा है। उनका कहना था कि जम्मू कश्मीर में चुने हुए मुख्यमंत्री की नहीं उपराज्यपाल की चल रही है।

पार्टी नेता राज बब्बर ने कहा कि इस समय देश में एक व्यक्ति और उनकी मंडली कानून बना रही है और शक्ति का दुरुपयोग कर रहे हैँ। उनका कहना था कि उन्हें मालूम होना चाहिए जब जवाबदेही होगी तो शक्ति भी आएगी लेकिन आज लोकतंत्र को कमजोर करने का काम हो रहा है।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस सवाल पूछ रही है और सरकार को मजबूर होकर कांग्रेस के सधे हुए सवालों का जवाब देना ही होगा।

 

Next Post

कवला तालाब से वन विभाग ने पकड़ा मगरमच्छ, चंबल नदी में छोड़ा 

Sat Aug 2 , 2025
मंदसौर। ग्राम कवला स्थित तालाब से वन विभाग की टीम ने शनिवार, 2 अगस्त को एक मगरमच्छ को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर पकड़ा और उसे चंबल नदी के गहरे जल क्षेत्र में छोड़ दिया। यह कार्यवाही हाल ही में तालाब में एक महिला पर हुए प्राणघातक मगरमच्छ हमले के बाद की […]

You May Like