कवला तालाब से वन विभाग ने पकड़ा मगरमच्छ, चंबल नदी में छोड़ा 

मंदसौर। ग्राम कवला स्थित तालाब से वन विभाग की टीम ने शनिवार, 2 अगस्त को एक मगरमच्छ को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर पकड़ा और उसे चंबल नदी के गहरे जल क्षेत्र में छोड़ दिया। यह कार्यवाही हाल ही में तालाब में एक महिला पर हुए प्राणघातक मगरमच्छ हमले के बाद की गई है।

 

जानकारी के अनुसार, घटना के तुरंत बाद वन विभाग ने मंदसौर से विशेष पिंजरा मंगवाया और तालाब में लगाया गया। कुछ दिनों के भीतर ही एक छोटा मगरमच्छ पिंजरे में कैद हो गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित रूप से चंबल नदी में छोड़ दिया।

 

इस सराहनीय रेस्क्यू अभियान में वन विभाग के अधिकारी अंकित भदौरिया, वनरक्षक राजा बाबू, सुरक्षा श्रमिक चांद मोहम्मद, वाहन चालक करू लाल और अन्य वन्य कर्मचारीगणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

 

हालांकि खतरा अभी टला नहीं है।

ग्राम सरपंच जय सिंह गौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि पिंजरे में जो मगरमच्छ पकड़ा गया है वह छोटा है, जबकि वह बड़ा मगरमच्छ, जिसने महिला और पशुओं पर हमला किया था, अभी भी तालाब में मौजूद है।

 

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत ने पूरे गांव में चेतावनी जारी कर दी है कि कोई भी व्यक्ति तालाब के आसपास न जाए। पशु भी पानी और चारे की तलाश में तालाब की ओर चले जाते हैं, जिससे मगरमच्छ उन पर हमला कर देता है।

 

ग्रामवासियों ने वन विभाग से आग्रह किया है कि बड़े मगरमच्छ की तलाश एवं पकड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि गांव में भय का माहौल समाप्त हो और आमजन व पशु सुरक्षित रह सकें।

Next Post

बैढ़न शहर क्षेत्र की कॉलोनियों की स्ट्रीट लाईट व्यवस्था चरमराई 

Sat Aug 2 , 2025
सिंगरौली। नगर निगम सिंगरौली के बैढ़न शहर के कॉलोनियों की स्ट्रीट लाईट व्यवस्था पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गई है। आलम यह है कि गनियारी-बलियरी समेत कई मोहल्लों की स्ट्रीट लाईटे रात के समय पूरी तरह से बंद होने के कारण आवाजाही में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना […]

You May Like