देहरादून, (वार्ता) उत्तराखंड में गुरुवार सुबह आठ बजे से त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 के प्रथम चरण में शुरू हुआ मतदान अनेक स्थानों पर गुरुवार देर रात्रि समाचार लिखने तक जारी है।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार हरिद्वार जिले को छोड़कर अन्य सभी बारह जनपदों में शाम चार बजे तक कुल पचपन प्रतिशत मतदान हुआ है। आज हुए मतदान के बाद ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र और जिला पंचायत सदस्य पद के 17,829 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटिकाओं में बन्द हो गया। अब आगामी 31 जुलाई को मतगणना होगी।
आज सुबह आठ बजे राज्य के कुल 49 विकासखंड क्षेत्रों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के प्रथम चरण का मतदान शुरू हुआ। प्रारम्भ में मतदान की गति बहुत धीमी रही। मध्याह्न होने तक इसकी गति बढ़ी। अनेक स्थानों पर देर रात्रि तक मतदान होता रहा। इस चुनाव में सदस्य ग्राम पंचायत के 948 पदों के सापेक्ष 2247 प्रत्याशी, प्रधान ग्राम पंचायत के 3393 पदों के सापेक्ष 9731 प्रत्याशी, सदस्य क्षेत्र पंचायत के 1507 पदों के सापेक्ष 4980 प्रत्याशी और सदस्य जिला पंचायत के 201 पदों के सापेक्ष 871 प्रत्याशी मैदान में हैं।
