
खातेगांव। नगर के प्रतिभावान बालक हिमांशु राव ने राष्ट्रीय पटल पर नगर का गौरव बढ़ाया है। उत्तराखंड के रुड़की में आयोजित लोकप्रिय टीवी शो ‘इंडियाज टैलेंट फाइट’ के मुख्य मंच पर हिमांशु ने अपने सुरों और कलात्मक प्रस्तुति से निर्णायक मंडल को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस बेजोड़ परफॉरमेंस के आधार पर उन्हें सीधे मुंबई में होने वाले अगले मुख्य चरण के लिए आमंत्रित किया गया है।
पिता योगेश राव के संस्कारों और संगीत के माहौल में पले-बढ़े मेकलसुता एकेडमी आठवीं कक्षा के छात्र हिमांशु ने इस मंच पर देशभर से आए सैकड़ों दावेदारों के बीच अपनी अमिट छाप छोड़ी। गायन के साथ-साथ संगीत, वाद्ययंत्र (कीबोर्ड) पर उनकी पकड़ ने शो के जजों को खड़े होकर तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में खातेगांव के लाल की इस सफलता से पूरे अंचल में जश्न का माहौल है। केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने भी वॉट्सअप पर वीडियो काल के जरिए हिमांशु और उसके परिजनों से बात कर इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। स्थानीय नागरिकों और कला प्रेमियों ने हिमांशु की इस कामयाबी को क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है और उनके सुनहरे भविष्य व मुंबई के सफर के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित की हैं।
