ग्वालियर:ग्वालियर-चंबल संभाग द्वारा नगरीय निकायों में निकाय के नोडल अधिकारी, पौधारोपण कार्यों में संलग्न फील्ड स्टाफ, एनयूएलएम के सिटी मिशन मैनेजर तथा सामाजिक संगठन एवं स्व-सहायता समूह की बहनों को प्रशिक्षित करने एवं दक्ष बनाने “अमृत हरित महाअभियान” के अंतर्गत ग्वालियर में संभाग स्तरीय एक दिवसीय क्षमता विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ ग्वालियर निगम आयुक्त संघप्रिय ने दीप प्रज्जवलन कर किया।
इस अवसर पर संभागीय संयुक्त संचालक सुरेश बेलिया, अधीक्षण यंत्री जे.पी. पारा, डॉ उदय रोमन, टीम लीडर तथा संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास से आई ग्रीन सेल टीम के सदस्य उपस्थित रहे।कार्यशाला में शहरी हरित क्षेत्र विकास, पौधारोपण एवं संरक्षण तकनीक, अमृत हरित महाअभियान 2026 की कार्ययोजना, तथा स्वसहायता समूह, अमृत मित्र महिलाओं की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
विशेषज्ञों में डॉ. उदय रोमन, अशोक मिश्रा सेवानिवृत आई.एफ.एस., डॉ. अभिनाश भाटेजा, सर्वेश तिवारी हॉर्टिकल्चर विशेषज्ञ, श्रीमती रचना बेदी, विवेक शर्मा तथा डॉ. अविनाश भटेजा शामिल रहे, जिन्होंने नगर निकायों की टीमों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों के साथ इंटरएक्टिव चर्चा, तकनीकी प्रस्तुति और ग्राउंड-लेवल ग्रीन स्ट्रेटजी पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में हरित आवरण बढ़ाने, पौधों की जीवितता दर सुधारने और 2026 के हरित लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु यू.एल.वी. की क्षमता को मजबूत करना था। अंत में प्रमाण-पत्र वितरण किया गया।
