उमरिया: मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बाघ के हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के रेंजर पर हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गया।आधिकारिक सूत्रों के अनुसार बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की पनपथा रेंज अंतर्गत खेरवा टोला गांव में शनिवार देर रात बाघ ने घर के आंगन में सो रही फूलबाई (48) पर हमला कर दिया और उसे उठाकर ले गया। महिला को बचाने के प्रयास में परिवार के चार अन्य सदस्य भी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए मानपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने पनपथा परिक्षेत्र के रेंजर प्रतीक श्रीवास्तव पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में चोट आई। उन्हें भी उपचार के लिए मानपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतका के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा घायलों के निःशुल्क उपचार और आवश्यक मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में बाघ के हमले में महिला की मृत्यु अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
