पानसेमल: विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बायगोर स्थित ग्राम मोगरापानी में नवीन विद्युतीकरण कार्य (डीपी व विद्युत खंभों) की स्थापना के लिए भूमि पुजन संपन्न हुआ। पहाड़ी अंचल में बसे इस ग्राम में पहली बार बिजली पहुंचने की खुशी को लेकर सुबह से ही उत्सव बना हुआ था। विधायक श्याम बरडे के ग्राम आगमन पर ग्रामीणों ने ढोल-मांदल, पारंपरिक नृत्य एवं पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
विधायक एवं जनप्रतिनिधियों ने रैली के बाद भूमि पुजन किया। ग्रामीणों ने इस उपलब्धि पर नाचते-गाते हर्षोल्लास के साथ अभिनंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुजन से किया गया।ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने पहली बार ऐसा जनप्रतिनिधि देखा है, जो लगातार दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों में पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनते हैं और उनका निराकरण भी करते हैं। विधायक द्वारा विधानसभा में कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी उन्हें समाचार एवं मोबाईल से मिलती रहती है। इस अवसर पर ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के बाद विधायक श्याम बरडे ग्राम पंचायत बायगोर अंतर्गत कम्बीपानी (कम्बी फलिया) पहुंचे। जहां उन्होंने ग्रामीणों की पेयजल समस्या का जायजा लिया। ग्रामीणों को झीरी तालाब एवं नदी किनारे खोद कर गड्ढे से निकलने वाला पानी पीने की मजबूरी देखकर उन्होंने तत्काल कलेक्टर जयतिसिंह से दूरभाष पर चर्चा कर समस्या से अवगत कराया। जिस पर कलेक्टर ने तत्काल पीएचई विभाग अधिकारी बामनिया को मौके पर पहुंचाकर समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि ग्रामीण भाइयों-बहनों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है तथा जनता की प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए वे सदैव तत्पर हैं।
निरंतर किया जा रहा है सुविधाएं पहुंचाने का कार्य
विधायक श्याम बरडे ने कहा कि देश के पीएम नरेंद्र मोदी एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक ग्राम, मंजरे टोले तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में आजादी के बाद से बिजली, सडक़, पुल-पुलिया, स्कूल भवन एवं पेयजल जैसी सुविधाएं नहीं पहुंच सकी थी। वहां विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पहुंचाया जा रहा है।
