ननि की कम्प्यूटर शाखा पर लोकायुक्त का छापा, संबल योजना और पुराने रिकॉर्ड खंगाले

भोपाल। राजधानी स्थित नगर निगम की कम्प्यूटर शाखा पर आज शुक्रवार को लोकायुक्त पुलिस ने अचानक कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। यह कार्रवाई एक साथ दो स्थानों फतेहगढ़ स्थित पुराने कार्यालय और लिंक रोड नंबर-2 पर बने नए मुख्य भवन में की गई। लोकायुक्त एसपी दुर्गेश राठौर और डीएसपी अजय मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच शुरू की।

सूत्रों के अनुसार लोकायुक्त की दो अलग-अलग टीमें दोनों कार्यालयों में पहुंचीं और डिजिटल रिकॉर्ड, फाइलों तथा भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की। कम्प्यूटर शाखा में नगर निगम की कई महत्वपूर्ण ऑनलाइन सेवाओं का डाटा सुरक्षित रहता है, इसलिए जांच के दौरान विशेष रूप से डिजिटल एंट्री और वित्तीय दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।

जांच के दायरे में संबल योजना से जुड़े रिकॉर्ड भी आए हैं। टीम इस योजना के तहत की गई ऑनलाइन एंट्री और भुगतान से संबंधित फाइलों की भी जांच कर रही है। इसके अलावा अन्य ऑनलाइन सेवाओं के दस्तावेजों में संभावित अनियमितताओं की भी पड़ताल की जा रही है।

फतेहगढ़ स्थित कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों वसीम, सोहेल और पंकज से पूछताछ की गई। बताया जा रहा है कि लोकायुक्त टीम सुबह करीब साढ़े 11 बजे दोनों स्थानों पर एक साथ पहुंची और कार्रवाई शुरू की।

गौरतलब है कि फतेहगढ़ स्थित कम्प्यूटर शाखा को हाल ही में 22 फरवरी को लिंक रोड नंबर-2 पर बने नए भवन में स्थानांतरित किया गया था। छापेमारी के दौरान दोनों स्थानों पर मौजूद रिकॉर्ड और फाइलों की जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक फर्जी बिल लगाकर भुगतान कराने की शिकायत के बाद लोकायुक्त ने यह कार्रवाई की है। टीम करीब दस साल पुराने दस्तावेजों और भुगतान से जुड़ी फाइलों की भी जांच कर रही है। इस मामले में नगर निगम के दो ऑफिस बॉय और एक कम्प्यूटर ऑपरेटर से पूछताछ की जा रही है।

लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट स्थिति सामने आएगी। फिलहाल दोनों कार्यालयों में जांच की कार्रवाई जारी है।

Next Post

मेघालय के गारो हिल्स में बंगलादेशी घुसपैठियों की साजिश, आदिवासियों के अधिकारों से हो रहा है खिलवाड़: भाजपा

Fri Mar 13 , 2026
नयी दिल्ली, 13 मार्च (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मेघालय के गारो हिल्स (पहाड़ी) क्षेत्र में तनाव और हिंसा को लेकर चिंता जताते हुये कहा है कि बंगलादेशी घुसपैठियों की साजिश के कारण यह सब हो रहा है। वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से […]

You May Like