शिवपुरी: जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सूखाराजापुर में एक खड़ेरा (पशुशाला) में भीषण आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। हादसे में दो भैंसों की मौत हो गई है, जबकि चार गायें गंभीर रूप से झुलसकर मरणासन्न हालत में हैं।जानकारी के अनुसार ग्राम सूखा राजापुर निवासी पूर्व सरपंच पुष्पेन्द्र सिंह लोधी पुत्र हितेन्द्र सिंह लोधी आज रात्रि अपने घर पर मौजूद थे। तभी उन्हें घर के पीछे खड़ेरा की तरफ से धुआं उठता दिखाई दिया। मौके पर पहुंचकर देखा तो खड़ेरा में आग भड़क चुकी थी।
आग की चपेट में वहां बंधी दो भैंसें और चार गायें आ गईं। पुष्पेन्द्र सिंह ने आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। हादसे में दो भैंसों की मौत हो गई, जबकि चार गायें गंभीर रूप से झुलस गईं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़ित किसान के अनुसार आग लगने से करीब 2 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग किन कारणों से लगी, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। मामले की सूचना पर पुलिस ने आगजनी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
