
सिंगरौली । बंधौरा क्षेत्र में स्थापित एक पावर कंपनी में आज बॉयलर में फंसने से एक संविदाकर्मी एवं सितुलखुर्द में आधी रात को बेकाबू टेलर वाहन के टक्कर से 35 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। उक्त दोनों हादसे के बाद कंपनी परिसर में सैकड़ों श्रमिक भड़क गये। वहीं सितुलखुर्द गांव के सड़क पर शव को रख आधी रात से चक्काजाम करने लगे। जहां आज सुबह तक चक्काजाम चला।
दरअसल पावर कंपनी में कार्य कर रहे संविदाकर्मी अंगद चौधरी पिता शम्भू चौधरी निवासी सुंडीपुर थाना काढ़ी जिला गढ़वा प्रांत झारखण्ड आज कार्य के दौरान बॉयलर में फंसने से अचानक गिर पड़ा, जहां उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद कंपनी परिसर में जमकर हंगामा शुरू हो गया। कार्य कर रहे सैकड़ों श्रमिक शव को अपने कब्जे में लेकर इस बात पर अड़ गये कि जब तक मांगों की पूर्ति नही होगी, तब तक शव को नही उठाने दिया जाएगा। देर शाम तक हंगामा चलता रहा। वहीं दूसरी घटना बंधौरा पुलिस चौकी क्षेत्र के सितुलखुर्द गांव की है, जहां एक बेकाबू कोल वाहन बंधौरा की ओर जा रहा था कि अपने घर के समीप राजेन्द्र पुलिया पर बैठा हुआ था, उसी दौरान टेलर वाहन के चालक ने पुलिया से टकराया और उसके चपेट में युवक भी आ गया, जहां युवक राजेन्द्र साहू की मौत हो गई और बेकाबू टेलर घर के कुछ हिस्से में घुस गया। इस घटना के बाद गुस्साएं ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। आज सुबह 9 बजे तक चक्काजाम चलता रहा। मौके पर टीआई माड़ा, चौकी प्रभारी बंधौरा, तहसीलदार प्रीति सिकरवार घटनास्थल पहुंच पीड़ित परिजनों से चर्चा कर मामले का निराकरण कराया।
