मंडी में तौल में गेहूं से 1 क्विंटल कम, व्यापारी पर हेरफेर का आरोप, किसानों का हंगामा 

नीमच। नीमच की नई कृषि उपज मंडी में गुरुवार दोपहर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब एक किसान की उपज में करीब एक क्विंटल की कमी पाई गई। सिंगोली के किसान खालिद नीलगर ने मयंक ट्रेड्स पर तौल में धांधली का आरोप लगाया है।

किसान के मुताबिक, घर से लाते समय गेहूं का वजन 34 क्विंटल 97 किलो था, लेकिन व्यापारी के हम्मालों ने इसे केवल 33 क्विंटल 98 किलो तौला।

किसानों का फूटा गुस्सा, लगाया मिलीभगत का आरोप

तौल में इतनी बड़ी गड़बड़ी की खबर फैलते ही मंडी में किसानों की भारी भीड़ जमा हो गई। किसानों ने मयंक ट्रेड्स और मंडी प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

किसानों का आरोप है कि व्यापारी और हम्मालों ने मिलीभगत कर एक क्विंटल गेहूं गायब किया और उसे चालाकी से अन्य पांच किसानों के ढेर में मिला दिया। इसके अलावा व्यापारियों पर नीलामी के बाद प्रति कट्टा 9 रुपए की अवैध वसूली और पाला काटने के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

मंडी सचिव को सौंपा ज्ञापन

विवाद बढ़ता देख मंडी निरीक्षक समीर दास मौके पर पहुंचे और किसानों को शांत कराया। बाद में किसानों ने मंडी सचिव उमेश बसेडिय़ा को शिकायती ज्ञापन सौंपकर मांग की कि प्रभावित किसानों के माल का सरकारी कांटे पर दोबारा तौल कराया जाए। किसानों ने चेतावनी दी है कि व्यापारियों की इस तरह की चोरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दोबारा तौल की प्रक्रिया शुरू

शिकायत के बाद मंडी प्रशासन की निगरानी में दोबारा तौल कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मंडी अधिकारियों ने किसानों को भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और यदि धांधली साबित होती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मंडी में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अधिकारी मुस्तैद हैं।

Next Post

लूट में फरार 5000 के इनामी आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार  

Thu Mar 12 , 2026
रीवा। डेढ़ वर्ष पूर्व हुई लूट की वारदात में फरार आरोपी को रीवा जिले की बैकुंठपुर पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक रीवा द्वारा 5000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था. इस पूरे मामले के संबंध में जानकारी […]

You May Like