ग्वालियर: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव इस महीने आयोजित किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव कराने के लिए राज्य के 62 में से 56 जिलों के अध्यक्षों की घोषणा हो गई है। प्रदेश अध्यक्ष के लिए राज्य के 50 प्रतिशत जिला अध्यक्षों के नाम की घोषणा होना जरूरी है। यह संख्या बुधवार को ही पूरी हो गई थी। गुरुवार को नौ और जिला अध्यक्षों की घोषणा कर दी गई। प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, चुनाव की तारीख जल्द घोषित की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया में नामांकन फॉर्म भरने से लेकर दस्तावेजों की जांच और मतदान तक का कार्य शामिल होता है।प्रदेश में वर्तमान में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा है। वीडी शर्मा को पुन: अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना कम है। ऐसे में अध्यक्ष पद की दौड़ में कई नेता सक्रिय हो गए हैं। इनमें से कई के नाम की चर्चा भी शुरू हो गई है। इसमें पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया, ब्रजेंद्र प्रताप सिंह, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक हेमंत खंडेलवाल समेत कई वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा हैं।
गुरुवार को नौ जिलों के अध्यक्षों के नाम सामने आए।
ग्वालियर ग्रामीण से सांसद भारत सिंह कुशवाह के करीबी प्रेमसिंह राजपूत अध्यक्ष बनाए गए हैं। वे कौशल शर्मा का स्थान लेंगे। भाजपा अब तक कुल 56 नामों का एलान कर चुकी है। छह नामों का सामने आना बाकी है। ये भी शुक्रवार तक जारी होने की संभावना है। इससे पहले बुधवार को 15, मंगलवार को भाजपा ने 12, सोमवार को 18 और रविवार रात को दो नामों की घोषणा की थी। गुरुवार को जारी नौ नामों में सीहोर में नरेश मेवाड़ा, धार नगर में निलेश भारती, धार ग्रामीण में चंचल पाटीदार, ग्वालियर ग्रामीण में सांसद भारत सिंह के करीबी प्रेम सिंह राजपूत शामिल हैं।
