भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के खेल एवं खिलाड़ी प्रकोष्ठ ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित कर खेल विकास, खिलाड़ियों के कल्याण तथा वर्ष 2028 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर व्यापक रणनीति पर मंथन किया। कार्यशाला की अध्यक्षता प्रदेश खेल प्रकोष्ठ के संयोजक मतीन खान ने की।
बैठक में प्रदेशभर में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने, उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने तथा खिलाड़ियों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने पर चर्चा की गई। साथ ही युवा खिलाड़ियों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने और संगठन की जमीनी पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ।
कार्यशाला में विधायक ओंकार मरकाम, फूल सिंह बरैया और दिनेश गुर्जर, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा एवं सुखदेव पांसे, वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह चौहान, राजकुमार पटेल और शैलेन्द्र पटेल, प्रदेश सेवादल अध्यक्ष अवनीश भार्गव, खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश सोलंकी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने खिलाड़ियों के हितों की उपेक्षा की है तथा उभरती खेल प्रतिभाओं को पर्याप्त अवसर और संसाधन उपलब्ध नहीं कराए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, सम्मान और अवसर दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही युवाओं और खिलाड़ियों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन को और मजबूत किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में मतीन खान ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
