
भोपाल। अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक कार का कांच तोड़कर पर्स चोरी कर लिया. बदमाशों ने कार में रखे जिस पर्स को चोरी किया, उसमें 50 हजार रुपये नकद सहित कीमती दस्तावेज रखा था. मामले की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
जानकारी के अनुसार फरियादी दिनेश पस्तारिया ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है. फरियादी ने बताया कि वह पिपरिया जिला नर्मदापुरम निवासी हैं और दिन पहले वह अपने परिवार के साथ अशोका गार्डन में अपने बहनोई के घर आए थे. रविवार को देर रात को वह अपने और बहनोई के परिवार के साथ खाना खाने के लिए एक रेस्टारेंट पहुंचे थे. उन्होंने अपनी कार एक डेयरी के सामने खड़ी की थी और होटल के अंदर चले गए थे. सभी जब होटल से बाहर आए और कार तक पहुंचे तो कार का शीशा टूटा मिला. कार के अंदर दिनेश की पत्नी का रखा पर्स गायब था. पर्स के अंदर 50 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड सहित जरूरी दस्तावेज रखे थे. फरियादी ने मामले की शिकायत थाने में की. पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए पुलिस बदमाशों की पहचान कर रही है.
