
मंदसौर। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान के तहत शामगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त कर पंजाब और हरियाणा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल सोराष्ट्रीय के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में अवैध मादक पदार्थ लेकर दो व्यक्ति पंजाब की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने ग्राम सकरियाखेड़ी स्थित 8 लाइन अंडरब्रिज के पास वाहन चेकिंग की और संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से 60 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी कुलविंदर सिंह (45) निवासी पटियाला, पंजाब तथा जोगा सिंह (56) निवासी कैथल, हरियाणा को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 1.20 लाख रुपये मूल्य का डोडाचूरा तथा करीब 8 लाख रुपये कीमत की स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कपिल सोराष्ट्रीय, सहायक उपनिरीक्षक शारदा प्रसाद तिवारी तथा आरक्षक प्रेम कुमार, धर्मेश बैरागी, विशाल सिंह, हीरालाल एवं मोकम सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
