
उज्जैन। सिविल इंजीनियर और सेलून दुकान का संचालन करने वाले दो लोगों ने गुरुवार शुक्रवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सिविल इंजीनियर शराब पीने का आदी था। उसने नशे में मौत को गले लगाया। सेलून संचालक कर्ज में डूबा हुआ था। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। नागझरी क्षेत्र के मालनवासा में रहने वाला कपिल पिता खेमचंद भंडारी 45 साल सिविल इंजीनियर था और प्राइवेट काम करता था। नववर्ष पर पत्नी दिशा अपने छोटे बेटे के साथ इंदौर में रहने वाले बड़े बेटे के यहां गई हुई थी। रात में आसपास के लोगों ने दिशा को फोन कर बताया कि कपिल शराब पीकर हंगामा कर रहा है। दिशा ने मुंह बोली बहन के बेटे विशाल को समझने के लिए घर भेजा, लेकिन काफी देर हो चुकी थी विशाल के घर पहुंचते ही कपिल फंदे पर लटका दिखा। विशाल ने फंदे से उतरा और अस्पताल लेकर पहुंचा जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरा मामला नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के जवाहर नगर से सामने आया। महानंदा नगर में हेयर सेलून की दुकान चलाने वाले मनोज पिता जगदीश सेन 46 वर्ष ने मकान की पहली मंजिल के कमरे में फांसी लगा ली थी। मां पार्वती मनोज की गाड़ी बाहर खड़ी देख उसे अंदर रखने के लिए बोलने पहली मंजिल पर गई तो उसने बेटे को फंदे पर लटका देखा। मनोज की पत्नी अपने बच्चों के साथ रिश्तेदार के यहां जन्मदिन के कार्यक्रम में गई हुई थी। मनोज को नीचे उतारा गया और अस्पताल लाया गया। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मनोज कर्ज से परेशान था संभवत: इसी के चलते उसने मौत को गले लगाया है।
