नयी दिल्ली, 08 जून (वार्ता) केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के सफल क्रियान्वयन के 10 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 09 जून से देशभर में विशेष कार्यक्रमों की शुरुआत करेगा। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जागरूकता एवं जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जायेगी , जिनका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं तथा उनके परिवारों को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत उपलब्ध नौ सुनिश्चित निःशुल्क सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
दस वर्षों की इस उपलब्धि को चिह्नित करने के लिए श्री नड्डा एक विशेष 75 रुपये का स्मारक सिक्का और 05 रुपये का डाक टिकट भी जारी करेंगे। यह सम्मान मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के योगदान को समर्पित होगा।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नौ जून 2016 को इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत की थी। योजना के तहत प्रत्येक माह की 09 तारीख को गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क, व्यापक और गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। पिछले एक दशक में इस अभियान ने मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाई है।

