रायपुर, 08 जून (वार्ता) छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस का दौर जारी है। हालांकि प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, लेकिन रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित मैदानी इलाकों में लोगों को तेज धूप, गर्म हवाओं और उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 12 जून के बाद प्रदेश में वर्षा गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है।
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। रविवार को राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इस दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में वर्षा भी हुई। कुसमी में 7 सेंटीमीटर, कापू में 3 सेंटीमीटर तथा बलरामपुर, कांसाबेल और पोड़ी उपरोड़ा में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा ने कहा, “दक्षिण पश्चिम मानसून नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा के कुछ भाग, असम और अरुणाचल प्रदेश में आज दिनांक 7 जून को पहुंच गया है। इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है। अगले तीन से चार दिनों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना के कुछ भाग, आंध्र प्रदेश के कुछ भाग, तमिलनाडु के शेष भाग, छत्तीसगढ़ के कुछ भाग, उड़ीसा के कुछ भाग, उप हिमालयीन पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ भाग में पहुंचने की संभावना है।”
उन्होंने बताया, “प्रदेश में सोमवार को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज चमक के साथ छींटें पड़ने की संभावना है। कुछ जगहों पर बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ अंधड़ के आसार हैं। फिलहाल अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होने की संभावना है। वहीं 12 जून के बाद बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है।”
राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह से बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने दिनभर आंशिक बादल छाए रहने के साथ वर्षा अथवा आंधी की संभावना जताई है। शहर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों में दर्ज अधिकतम तापमान में बालोद 41.7 डिग्री सेल्सियस, बेमेतरा 41.5 डिग्री सेल्सियस, कवर्धा 41.5 डिग्री सेल्सियस, दुर्ग 41.2 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर 41.0 डिग्री सेल्सियस, राजनांदगांव 40.9 डिग्री सेल्सियस, जगदलपुर 38.4 डिग्री सेल्सियस तथा अंबिकापुर 36.6 डिग्री सेल्सियस शामिल हैं।
