
छिंदवाड़ा। शहर के लालबाग क्षेत्र में रेलवे पटरी के पास संचालित हो रहे जुआ फड़ पर कोतवाली पुलिस ने शनिवार देर रात फिल्मी अंदाज में दबिश देकर पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई को सफल बनाने के लिए पुलिस टीम ने मजदूरों का वेश धारण किया और ऑटो से मौके पर पहुंची, जिससे जुआ खेल रहे लोगों को भनक तक नहीं लगी। हालांकि पुलिस की घेराबंदी के दौरान कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
कोतवाली पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि लालबाग रेलवे पटरी के समीप सोहेल चटाई अवैध रूप से जुआ फड़ संचालित कर रहा है। शिकायतों के सत्यापन के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से शनिवार रात करीब 12रू30 बजे कार्रवाई की। मजदूरों के भेष में पहुंची पुलिस टीम ने अचानक घेराबंदी कर जुआ फड़ पर छापा मार दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फड़ संचालक सोहेल चटाई निवासी लालबाग सहित अंकित रघुवंशी निवासी कुकड़ा जगत, संतोष अहिरवार, सोहेल खान निवासी रामबाग समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से 52 ताश के पत्ते और करीब चार हजार रुपये नकद जब्त किए गए। वहीं कुछ अन्य जुआरी पुलिस को देखकर मौके से भाग निकले। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में कोतवाली थाना प्रभारी आशीष धुर्वे, उप निरीक्षक नारायण बघेल, सहायक उप निरीक्षक बृजेश रघुवंशी, प्रधान आरक्षक युवराज रघुवंशी तथा आरक्षक विकास, सागर भास्कर और आदित्य रघुवंशी की अहम भूमिका रही।
