ग्वालियर: घाटीगांव पुलिस ने 12वीं की छात्रा को बदनाम कर सगाई तुड़वाने की धमकी देकर दुष्कर्म करने के आरोपी को पकड़ा है। मामला होने की भनक लगते ही आरोपी शहर छोडऩे की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी ने दो दिन पहले 12वीं की छात्रा के घर में छत के रास्ते दाखिल होकर जबरन उससे दुष्कर्म किया था। आरोपी ने छात्रा को धमकाया था कि उसने शोर मचाया तो वह उसे बदनाम कर देगा। जिससे हाल ही में तय हुई उसकी सगाई टूट जाएगी। घटना घाटीगांव इलाके की है।
एसडीओपी शेखर दुबे ने बताया कि दुष्कर्म का आरोपी विवेक कुमार मामला दर्ज होने का पता चलते ही भागने की तैयारी में है। जिस पर घाटीगांव पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी की, लेकिन आरोपी अपने घर पर नहीं मिला। पुलिस की टीम ने उसके संबंधित ठिकानों पर दबिश दी। तभी पता लगा कि वह बस स्टैंड पर देखा गया है, जिस पर पुलिस की टीम ने उसे बस स्टैंड से पकड लिया। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
बता दें कि घाटीगांव थाना क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय छात्रा ने अपने परिजन के साथ थाने आकर शिकायत की थी कि जब गत रात को वह अपने कमरे में सो रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला विवेक उसके कमरे में आ गया। छात्रा ने विरोध करना चाहा तो विवेक ने उसे धमकाया कि यदि उसने शोर मचाया तो वह उसे बदनाम कर देगा और सगाई भी तुड़वा देगा। इसके बाद उसने छात्रा का एक हाथ से मुंह दबाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद वह छात्रा को धमकाते हुए भाग गया। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
