
वॉशिंगटन, 20 जुलाई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटेन को “गरीबी से जूझती बर्बादी” करार देते हुए एक बार फिर उसे उत्तर सागर में तेल उत्पादन शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया है।इससे पहले, ब्लूमबर्ग ने खबर दी थी कि ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम उत्तर सागर में तेल उत्पादन की नयी परियोजनाओं को मंज़ूरी देने का इरादा रखते हैं। श्री ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर कहा, “नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने कहा है कि वह उत्तर सागर के बेशकीमती तेल के लिए रास्ते पूरी तरह खोल देंगे , यह धरती पर अच्छी गुणवत्ता वाले तेल के सबसे बड़े स्रोतों में से एक है, इसमें सैकड़ों सालों तक उत्पादन की क्षमता बाकी है, और बहुत सारा तेल तो अभी खोजा भी नहीं गया है। यह ब्रिटेन को ‘गरीबी से जूझती बर्बादी’ की हालत से निकालकर दुनिया के सबसे अमीर देशों में से एक बना देगा।” उन्होंने कई बार ब्रिटेन को उत्तर सागर में तेल उत्पादन बढ़ाने की सलाह दी है।
