
मंडला।श्रावण मास के अंतिम सोमवार को विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल मंडला के तत्वावधान में महिष्मति घाट पर भव्य रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। दोपहर 1 बजे से प्रारंभ हुए इस दिव्य अनुष्ठान में श्रद्धा, भक्ति और शिव आराधना का अद्वितीय संगम देखने को मिला ।
इस सामूहिक रुद्राभिषेक में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयघोष के साथ भगवान शिव का अभिषेक किया। आयोजन का उद्देश्य भक्तों को ईश्वर भक्ति, समर्पण और धर्म के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर कई दंपतियों एवं महिलाओं ने अपने हाथों से निर्मित शिवलिंग का विधिवत अभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया ।
आयोजन का मुख्य आकर्षण ‘बाबा बर्फानी’ की दिव्य झांकी रही, जिन्हें आयोजकों द्वारा बर्फ से विशेष रूप से निर्मित कराया गया था। श्रद्धालु इस अद्भुत रूप के दर्शन कर भावविभोर हो उठे। सावन में बर्फ से निर्मित बाबा बर्फानी की झांकी ने सभी को अमरनाथ धाम का आभास कराया।
आचार्य शशिकांत जी प्रयागराज द्वारा शिव रुद्राभिषेक की महिमा का संगीतमय वाचन किया गया, जिसमें उन्होंने रुद्राभिषेक के महत्व, आध्यात्मिक प्रभाव और जीवन में शिव आराधना की भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस विशेष आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ की गई, जिन्होंने आयोजन को सफल और सुव्यवस्थित बनाने में अहम भूमिका निभाई। भोले बाबा की महाआरती के साथ कार्यक्रम के अंत में विशेष पूजन और प्रसादी वितरण के माध्यम से भक्तों को शिव कृपा का आशीर्वाद प्राप्त हुआ।
मंडला के धार्मिक जीवन में यह आयोजन एक प्रेरणादायी अध्याय के रूप में दर्ज हुआ, जिसने पूरे शहर को शिवमय बना दिया।
