भोपाल: नरेला विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 37 और 38 में 24.78 करोड़ रुपये की लागत से 10 विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने इन परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। साथ ही कैलाश सारंग पार्क में बनाए गए ओपन जिम का भी लोकार्पण किया। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प के तहत क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं।
वार्ड 37 में अमृत परियोजना के तहत करीब 8.04 करोड़ रुपये की लागत से सीवेज लाइन बिछाई जाएगी, जिससे पुरुषोत्तम नगर, दुर्गा नगर, बापू कॉलोनी, विजय नगर, राजवीर कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा पुरुषोत्तम नगर और विजय नगर में पेयजल पाइपलाइन विस्तार का कार्य भी शुरू किया गया है।
वहीं वार्ड 38 में 16.74 करोड़ रुपये की लागत से साईराम कॉलोनी, सेमरा, शंकर नगर, स्वदेश नगर, एकतापुरी और पंत नगर सहित कई इलाकों में सीवेज लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही जलप्रदाय पाइपलाइन विस्तार, अशोका गार्डन थाने से एकतापुरी-सेमरा सब्जी मंडी तक 6 करोड़ रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण, नाली निर्माण, पार्क में बाउंड्रीवाल, सांस्कृतिक मंच, पेविंग ब्लॉक और सेमरा सब्जी मंडी चौराहे पर 20 लाख रुपये की लागत से सुलभ शौचालय का निर्माण भी कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री विश्वास सारंग ने कैलाश सारंग पार्क में बने ओपन जिम का लोकार्पण करते हुए कहा कि शहर के पार्कों में ऐसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक अपने क्षेत्र में ही बेहतर व्यायाम और फिटनेस सुविधाओं का लाभ उठा सकें। इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क, सीवेज, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं मिल सकेंगी।
