
सिंगरौली । जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदवार चौकी के ग्राम बेलवानी ग्राम पंचायत नया टोला में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां 24 घंटे के भीतर पति-पत्नी दोनों ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली, जिससे पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बेलवानी निवासी राजेश रावत उम्र 25 वर्ष पिता गोपाल रावत ने आज शनिवार की दोपहर करीब 1 बजे अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं बीती रात शुक्रवार को राजेश रावत की पत्नी ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पत्नी की मौत के सदमे के बीच शनिवार को पति द्वारा भी आत्मघाती कदम उठाए जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही कुंदवार चौकी रामजी त्रिपाठी हमराह के साथ मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
