इटारसी। शहर की सांई फॉर्च्यून सिटी कॉलोनी में जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय विधायक कप बैडमिंटन प्रतियोगिता का गुरुवार को उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं तथा खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री चौरे ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी निर्माण करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरी लगन और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उनके साथ पार्षद प्रतिनिधि अभिषेक ओझा भी उपस्थित थे. बैडमिंटन कोच एवं प्रतियोगिता के आयोजक शशांक ने बताया कि विधायक कप बैडमिंटन प्रतियोगिता में जिले भर से आए 75 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का आयोजन 4 से 6 जून तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के सिंगल्स और डबल्स मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इटारसी में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर आयोजित हो रही विधायक कप बैडमिंटन प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। प्रतियोगिता के माध्यम से जिले की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिलेगा, वहीं युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धात्मक भावना भी विकसित होगी। शुभारंभ अवसर पर खेल प्रेमी, खिलाड़ी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला आगामी तीन दिनों तक जारी रहेगा, जिसका समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 6 जून को आयोजित किया जाएगा।
