अशोकनगर। जिले में किसानों को खाद मिलने में हो रही भारी किल्लत और प्रशासन की ई-टोकन व्यवस्था में आ रही तकनीकी व व्यावहारिक दिक्कतों के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में गुरुवार को एक बड़ा आंदोलन किया गया। बड़ी संख्या में किसानों और कांग्रेस नेताओं ने कलेक्ट्रेट के सामने धरना प्रदर्शन किया और इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर का घेराव कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया। इसके बाद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक रूप से चक्काजाम भी किया।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान बताया कि खाद की भारी किल्लत के कारण खरीफ फसल बोनी प्रभावित हो रही है वहीं किसानों को सोसायटियों और वितरण केंद्रों पर घंटों लंबी लाइनों में खड़ा रहना पड़ रहा है, फिर भी उन्हें पर्याप्त खाद नहीं मिल पा रही है इसके अलावा प्रशासन द्वारा लागू की गई ई-टोकन व्यवस्था किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुकी है। लगातार सर्वर डाउन होने, पोर्टल न चलने और ई-केवाईसी (e-KYC) में आ रही तकनीकी दिक्कतों के कारण किसान दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
बैरिकेड्स तोड़े, पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की
दोपहर से ही जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जिले भर से आए किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के सामने जुटना शुरू हो गए थे। धरना सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा प्रदेश की सरकार किसान हितैषी होने का सिर्फ ढोंग रच रही है। हमारा अन्नदाता कड़कड़ाती धूप में रातों-रात लाइनों में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहा है, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। ई-टोकन की अव्यावहारिक व्यवस्था ने किसानों को केवल परेशान करने का काम किया है। जैसे ही आक्रोशित कार्यकर्ताओं और किसानों ने कलेक्ट्रेट परिसर की ओर कूच किया, वहां का माहौल काफी गर्मा गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाए थे, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उन्हें पार करने कोशिश की जिसके चलते बेरीकेट्स टूट गया। वहीं कलेक्ट्रेट परिसर का घेराव के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस बल के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की भी देखने को मिली।
आंदोलन में ये रहे शामिल
इस आंदोलन और घेराव प्रदर्शन में कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह कुशवाहा, प्रदेश महासचिव राव यादवेन्द्र सिंह यादव, विधायक इंजीनियर हरी बाबू राय, पूर्व विधायक गोपाल सिंह चौहान, संगठन महासचिव सचिन शर्मा और नगर अध्यक्ष राहुल शर्मा मुख्य रूप से शामिल रहे।
इनके अलावा वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रमेश नायक, गोपाल कॉल, दशरथ रघुवंशी, मुनिया खान, अशोक शर्मा (बड़े भैया), शिवचरण शर्मा, सुधीर शर्मा, राजकुमार लोधी, जितेंद्र त्यागी, अजय अहिरवार, रामकुमार लोधी सहित महिला विंग से पार्षद किरण कुशवाहा, उपाध्यक्ष सीमा सुराणा, महिला कांग्रेस सेवादल से विमलेश शर्मा, लक्ष्मी प्रजापति और सुनीता जैन आदि सदस्य व सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
