
खंडवा। शहर के गौरव दिवस का शुभारंभ उत्साह और जोश के साथ हुआ। तीन दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत खंडवा रन मैराथन से हुई, जिसे सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और विधायक कंचन मुकेश तन्वे ने नगर निगम तिराहे से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन केवलराम चौराहे, बस स्टैंड और पुलिस कोतवाली होते हुए नगर निगम तिराहे पर समाप्त हुई।
इस मौके पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने जुंबा डांस का आनंद लेकर आयोजन को और जीवंत बना दिया।
सांसद पाटिल ने किशोर कुमार को याद करते हुए कहा कि खंडवा का गौरव दिवस, महान गायक के जन्मदिवस पर हर साल मनाया जाता है, जो शहर के लिए गर्व की बात है।
विधायक तन्वे ने सभी नागरिकों को बधाई देते हुए तीन दिवसीय कार्यक्रमों में भागीदारी का आग्रह किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी सुदेश वानखेडे, महापौर अनिल विश्वकर्मा, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, एसपी मनोज राय सहित कई जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी मौजूद रहे।
