जबलपुर:राजस्व, खनिज एवं पुलिस ने कटंगी और पाटन तहसील में अलग-अलग संयुक्त कार्यवाहियों को अंजाम दिया। इस दौरान रेत का अवैध परिवहन करते एक ट्रेक्टर और दो डंपर जप्त किये गये हैं, वहीं 80 ट्रॉली रेत का अवैध भंडारण भी पकड़ा गया है।जानकारी के मुताबिक एसडीएम पाटन मानवेंद्र सिंह के नेतृत्व में राजस्व व खनिज अमले ने पाटन अनुभाग के अंतर्गत कटंगी एवं पाटन तहसील में हिरन नदी से क्षेत्रों और मुख्य सडक़ मार्ग का छापेमारी की।
इस दौरान जहां ग्राम कटंगी में खनिज रेत का अवैध परिवहन करते पाये जाने पर एक ट्रैक्टर को मौके पर ही जप्त कर थाना कटंगी की अभिरक्षा में रखवाया गया। वहीं, नुनसर टोल गेट के पास अवैध रेत परिवहन में लिप्त पाये जाने पर दो डंपर जप्त किये गये। इनमें से एक डंपर को बिना टीपी के रेत का परिवहन करते पाये जाने पर और दूसरे डंपर को ओवरलोडिंग के कारण जप्त किया गया है। जप्त किये गये दोनों डंपर को नुनसर पुलिस चौकी के सुपुर्द कर कर दिया गया है।
240 घन मीटर का भंडारित मिली
पाटन अनुभाग के अंतर्गत खनिज और राजस्व अमले द्वारा एक और बड़ी कार्यवाही कर ग्राम मड़वा और पिपरिया में करीब 80 ट्रॉली (240 घन मीटर) अवैध रूप से भंडारित खनिज रेत को जप्त किया गया । इन कार्यवाहियों में एसडीएम पाटन मानवेंद्र सिंह के साथ तहसीलदार सच्चिदानंद त्रिपाठी, नायब तहसीलदार जय सिंग धुर्वे, नायब तहसीलदार रश्मि चौधरी, खनि निरीक्षक विवेकानंद यादव सहित राजस्व, पुलिस एवं खनिज अमला शामिल था। एसडीएम पाटन मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि रेत के अवैध उत्खनन परिवहन और भंडारण के मामलों में प्रकरण दर्ज कर खनिज विभाग के माध्यम से कलेक्टर न्यायालय को वैधानिक कार्यवाही के भेजा जा रहा है।
