
सीधी। जनपद सिहावल क्षेत्र अंतर्गत अमिलिया मुख्य बाजार में होली एवं ईद के पावन पर्वों के मद्देनजर अमिलिया पुलिस प्रशासन ने संयुक्त फ्लैग मार्च निकालकर शांति, सौहार्द और सुरक्षा का संदेश दिया।
एसडीओपी चुरहट, थाना अमिलिया एवं सिहावल पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रमुख मार्गों पर मार्च करते हुए आमजन से संवाद स्थापित किया और भाईचारे के साथ त्यौहार मनाने की अपील की। फ्लैग मार्च का नेतृत्व सिहावल की एसडीएम श्रीमती प्रिया पाठक, चुरहट एसडीओपी के साथ थाना प्रभारी पुलिस बल ने बाजार और संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को आश्वस्त किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। इस दौरान प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। फ्लैग मार्च का उद्देश्य जहां आमजन में सुरक्षा का विश्वास जगाना है वहीं असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना भी है।
अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस का संदेश साफ है कि त्यौहार खुशियों की हों और वातावरण पूरी तरह शांतिपूर्ण रहे। उन्होंने अमिलिया बाजार को जाम करने वाले व्यापारियों को भी कड़ी फटकार लगाई और कहा है कि रोड को पूरी तरह साफ रखें। किसी भी प्रकार की कोई समस्या ना हो।
होली पर्व पर सुरक्षा एवं सावधानी के लिये पुलिस की एडवाइजरी जारी
पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी ने जिलेवासियों को होली की शुभकामनाओं दी साथ ही निर्देशित करते हुये कहा कि त्यौहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस के निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है। जिसमें सहमति ही सुरक्षा है, किसी भी व्यक्ति पर उनकी इच्छा के विरुद्ध रंग न लगाएं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ शालीनता का व्यवहार करें। नशा करके वाहन चलाना या सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा करना आपके और दूसरों के लिए घातक हो सकता है। सीधी पुलिस त्यौहार के दौरान विशेष चेकिंग करेगी और ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य करें। ट्रिपल राइडिंग (एक बाइक पर तीन सवारी) न करें और यातायात के सभी नियमों का पालन करें। सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक, नफरत फैलाने वाले या आपत्तिजनक संदेशों को फॉरवर्ड करने से बचें। साइबर सेल की सोशल मीडिया पर पूरी नजऱ है। अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों एवं ध्वनि (विनियमन और नियंत्रण) नियम, तथा संबंधित अधिनियमों के अंतर्गत निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन करना सुनिश्चित करें। होली के जुलूस या आयोजनों में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखें। कोई भी ऐसा कृत्य न करें जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों। सार्वजनिक स्थानों पर अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु (बैग, डिब्बा आदि) को देखने पर तुरंत नजदीकी पुलिस को सूचित करें। यदि आपको किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो, या कहीं कोई अप्रिय घटना होती दिखे, तो बिना झिझक तुरंत डायल 112 या पुलिस कण्ट्रोल रूम सीधी में कॉल करें।
