पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर में तोड़फोड़, गार्ड से मारपीट

पटना, (वार्ता) बिहार की राजधानी पटना के कदमकुआँ थाना क्षेत्र स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर मंगलवार देर रात कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है।

सूत्रों के अनुसार मुसल्लहपुर हाट स्थित खान सर की कोचिंग सेंटर के बाहर रात के समय कुछ युवक आए और सेंटर में तोड़फोड़ की तथा कई पोस्टर फाड़ दिए। विरोध करने पर सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल गार्ड को उपचार के लिए भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद कदमकुआँ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, जिससे घटना में शामिल युवकों की पहचान की जा सके। साथ ही कोचिंग प्रबंधन और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर खान सर भी कोचिंग सेंटर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। तोड़फोड़ की घटना में असामाजिक तत्वों के शामिल होने का अंदेशा जताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे कुछ कोचिंग संचालकों का हाथ भी हो सकता है। खान सर ने कहा कि उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी है उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

 

Next Post

जैन मंदिर चोरी में 3 और आरोपी धराए, मूर्तियां बरामद

Wed Jun 3 , 2026
इंदौर:जैन मंदिर में हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने तीन और फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे चोरी की गई मूर्तियां बरामद कर ली हैं. एरोड्रम और तेजाजी नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को तेलंगाना के नांदेड़ क्षेत्र से पकड़ा गया.पुलिस के अनुसार, आरोपी […]

You May Like