
भोपाल।थाना जीआरपी रानी कमलापति को रेल इकाई भोपाल में पंजीबद्ध गंभीर चोरी के मामले में सफलता मिली. थाना प्रभारी उप निरीक्षक महेंद्र सिंह सोमवंशी ने बताया कि बीते 6 मार्च ट्रेन नंबर 20423 पातालकोट एक्सप्रेस के जनरल कोच में महिला यात्री ने सामान चोरी होने की शिकायत की थी. यात्री अलका सवालाखे उम्र 34 साल निवासी नेहरू नगर अपने बच्चों के साथ रेलवे स्टेशन सिवनी से रानी कमलापति की यात्रा कर रही थी. यात्रा के दौरान उन्होंने अपना ट्रॉली बैग ऊपर की सीट पर रख दिया था. उनके ट्राली बैग में एक सोने का हार, एक जोड़ सोने की कनछड़, एक जोड़ सोने के कान के झाले, एक सोने की लेडिस अंगूठी, एक सोने की जेंट्स अंगूठी, एक जोड़ सोने के कंगन एवं अन्य सामान रखा हुआ था. महिला यात्री ने रेलवे स्टेशन रानी कमलापति आने पर देखा तो ट्रॉली बैग में रखे जेवरात नहीं थे कोई अज्ञात बदमाश ट्राली बैग की चैन खोलकर जेवरात चोरी कर ले गया. मामले की शिकायत के बाद जांच करते हुए जीआरपी ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण का 3,86,980/रुपये का मशरुका बरामद किया. जीआरपी ने तकनीकी साक्ष्यो के आधार पर फरार आरोपी अजय कुमार उर्फ गंगाराम मेटकरी निवासी खगड़िया बिहार से सोने जैसी धातु की एक जोड़ कंगन वजनी करीबन 35 ग्राम कीमती लगभग 4,19,750/- रु का बरामद किया.
