भारत ने इबोला प्रकोप से निपटने के लिए युगांडा को 43 टन चिकित्सा आपूर्ति की दूसरी किस्त भेजी

नयी दिल्ली, 02 जून (वार्ता) भारत ने इबोला प्रकोप से निपटने के लिए युगांडा के कंपाला में लगभग 2.5 टन तत्काल चिकित्सा आपूर्ति की पहली किस्त भेजने के बाद सुरक्षात्मक गियर, नैदानिक और निगरानी उपकरणों सहित अन्य आवश्यक सामग्रियों से युक्त 43 टन की एक बड़ी दूसरी किस्त इस अफ्रीकी देश को भेजी है।

अफ्रीकी संघ आयोग से प्राप्त अनुरोध के जवाब में, भारत ने अफ्रीका रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र के इबोला प्रतिक्रिया प्रयासों का समर्थन करने के लिए तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की है। भारत का यह सहयोग अफ्रीका के कुछ हिस्सों में इबोला प्रकोप को नियंत्रित करने और सार्वजनिक स्वास्थ्य तैयारियों तथा क्षेत्रीय प्रतिक्रिया क्षमताओं को मजबूत करने के लिए अफ्रीका रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र की आवश्यकताओं को पूरा करने के अनुकूल है। एक बयान में कहा गया है कि तत्काल प्रतिक्रिया के रूप में, लगभग 2.5 टन चिकित्सा आपूर्ति की पहली किस्त 24 मई 2026 को युगांडा के कंपाला भेजी गई थी, जिसमें सुरक्षात्मक गियर, चिकित्सा निगरानी उपकरण, आवश्यक दवाएं और पूरक शामिल थे।

अफ्रीका रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र से आवश्यकताओं की अधिक विस्तृत सूची प्राप्त करने के बाद, विदेश मंत्रालय ने अब 43 टन की एक बड़ी दूसरी किस्त जुटाई है, जिसमें सुरक्षात्मक गियर, नैदानिक व निगरानी उपकरण, नमूना परिवहन किट, संक्रमण रोकथाम सामग्री, दवाएं और पूरक शामिल हैं। यह दूसरी किस्त 2 जून 2026 को कंपाला पहुंचेगी और इसे अफ्रीका रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र को सौंप दिया जाएगा। भारत का यह सहयोग अफ्रीकी देशों के साथ उसकी स्थायी साझेदारी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसमें महाद्वीप में सार्वजनिक स्वास्थ्य स्थितियों से निपटने में उनका समर्थन करना भी शामिल है।

अदीस अबाबा और कंपाला में भारतीय मिशन अफ्रीका संघ आयोग और अफ्रीका रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र के साथ उनके इबोला प्रतिक्रिया प्रयासों का समर्थन करने के लिए निकटता से जुड़े हुए हैं। युगांडा वर्तमान में इबोला वायरस के दुर्लभ बुंडीबुग्यो स्ट्रेन के एक नए घोषित प्रकोप का सामना कर रहा है, जो राजधानी शहर कंपाला तक फैल गया है। 2 जून तक, युगांडा में इबोला के नौ पुष्ट मामले और एक मौत दर्ज की गई है। इनमें से आठ मामले कंपाला में और एक पड़ोसी वाकिसो जिले में केंद्रित है।

 

Next Post

इंडिगो 31 अगस्त से मैनचेस्टर की उड़ानें अस्थायी रूप से बंद करेगी

Tue Jun 2 , 2026
नयी दिल्ली, 02 जून (वार्ता) निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने बढ़ती लागत के कारण 31 अगस्त से ब्रिटेन के वाणिज्यिक शहर मैनचेस्टर के लिए अपनी सभी उड़ानें अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की है। कंपनी ने मंगलवार रात एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि “अंतर्राष्ट्रीय हवाई क्षेत्र […]

You May Like