शेयर बाजारों में भारी उतार चढ़ाव के बाद प्रमुख सूचकांक बढ़त में रहे, आईटी शेयरों में लिवाली का जोर दिखा

मुंबई, 02 जून (वार्ता) स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को भारी उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों को निवेशकों के समर्थन से प्रमुख सूचकांक में तेजी दर्ज की गयी।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 382.50 अंक (0.52 प्रतिशत) चढ़ कर 74,649.84 पर और एनएसई निफ्टी-50 100.95 अंक (0.43 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 23,483.55 पर रहा।

बीएसई का 30 सेंसेक्स सुबह बड़ी गिरावट के साथ 73,945.20 पर खुला और कारोबार के दौरान ऊपर में 74,862.19 तथा नीचे में 73,815.12 तक गिरने के बाद अंत में 74,649.84 पर बंद हुआ। जबकि कल सेंसेक्स 74,267.34 पर बंद हुआ था।

सेंसेक्स के 30 में से 20 शेयर लाभ में और दस गिरावट में बंद हुये। लाभ में रहे प्रमुख शेयरों में आईटी कंपनी टीसीएस 6.53 प्रतिशत , इन्फोसिस 5.66 प्रतिशत, एचसीएल टेक 4.08 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.75 प्रतिशत और अडानी पोर्ट का शेयर 1.75 प्रतिशत लाभ में रहा।

टाइटन, ट्रेन्ट, आईटीसी, इटरनल और एशियन पेंट्स में भी एक प्रतिशत से अधिक तक की बढ़त दर्ज की गयी। एसबीआई, इंडिगो, बीईएल और टाटा स्टील भी मुनाफे में बंद हुए।

इसके विपरीत एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, पावर ग्रिड, आईसीआईसीआई बैंक , बजाज फिनसर्व , बजाज फाइनेंस जैसे शेयरों में गिरावट दर्ज की गयी ।

पहले सत्र की गिरावट के बाद बाजार ने सत्र के दूसरे भाग में तेजी से वापसी की। विश्लेषकों के अनुसार यह वापसी मुख्य रूप से शॉर्ट कवरिंग और आईटी शेयरों में मजबूत खरीदारी की दिलचस्पी के कारण हुई। बजाज ब्रोकिंग के अनुसार हालाँकि दुनिया के विभिन्न इलाकों में भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के कारण निवेशकों का रुख अभी भी सतर्क बना हुआ है।

क्षेत्रवार निफ्टी आईटी इंडेक्स सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला इंडेक्स बनकर उभरा, जिसमें 4.3 प्रतिशत की तेजी आई । टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुएं, एफएमसीजीऔर ऑटो शेयरों में भी खरीदारी की दिलचस्पी देखने को मिली।

दूसरी ओर, निफ्टी हेल्थकेयर, फार्मा और ऑयल एंड गैस इंडेक्स दबाव में रहे और सत्र के सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाले इंडेक्स साबित हुए। व्यापक बाजारों ने भी इस वापसी में हिस्सा लिया, जिसमें निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.19 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.40 प्रतिशत ऊपर चढ़ा।

 

 

 

Next Post

रहाणे की पैंथर्स ने सूर्यकुमार की नाइट्स को हराया

Tue Jun 2 , 2026
मुंबई, 02 जून (वार्ता) अजिंक्य रहाणे की लीडरशिप वाली नॉर्थ मुंबई पैंथर्स ने मुंबई स्टेडियम में सूर्यकुमार यादव की ट्रायम्फ नाइट्स मुंबई नॉर्थ ईस्ट पर 21 रन की ज़बरदस्त जीत के साथ अपने नुवामा प्राइवेट टी20 मुंबई लीग 2026 कैंपेन की शानदार शुरुआत की। 210 रन के मुश्किल टारगेट का […]

You May Like