मुंबई, 02 जून (वार्ता) सोनी सब के शो यादें के हालिया ट्रैक में एक भावुक दृश्य की शूटिंग के दौरान सेट पर हंसी-ठिठोली का माहौल देखने को मिला। शो में डॉ. देव मेहता (इक़बाल खान) एक नीली त्वचा वाली बच्ची को सहज महसूस कराने के लिए अपना चेहरा नीला रंग लेते हैं, जिससे बच्ची को अपनापन महसूस हो सके। यह दृश्य जहां ऑन-स्क्रीन भावुक था, वहीं ऑफ-स्क्रीन शूटिंग के दौरान पूरा माहौल हल्का और मजेदार हो गया। नीले मेकअप में इक़बाल खान का लुक देखकर सेट पर मौजूद कलाकार खुद को गंभीर नहीं रख पाए।
अभिनेत्री गुलकी जोशी ने इस अनुभव को साझा करते हुए कहा, “जैसे ही मैंने इक़बाल को पूरा नीला रंगा हुआ देखा, मेरे लिए गंभीर रहना बहुत मुश्किल हो गया। हर टेक के दौरान मैं हंस पड़ती थी, जबकि इक़बाल पूरी गंभीरता से अपना सीन कर रहे थे।” उन्होंने कहा कि शूटिंग के दौरान ऐसे हल्के-फुल्के पल टीम के बीच आपसी तालमेल को और मजबूत बनाते हैं। शो यादें में डॉ. देव मेहता की आठ साल की याददाश्त खोने के बाद जीवन को फिर से समझने और रिश्तों को जोड़ने की कहानी दिखाई जा रही है, जिसमें भावनात्मक उतार-चढ़ाव और मेडिकल रहस्य लगातार दर्शकों को जोड़े हुए हैं। यह शो हर सोमवार से शनिवार रात 8 बजे सोनी सब पर प्रसारित होता है।

